नोएडा: एक दिन में सबसे ज्यादा 17 मामले, 155 हुई मरीजों की संख्या

NBT

गौतमबुद्धनगर जिले में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 17 नए मामले सामने आए। यह एक दिन में मिले सबसे ज्यादा मामले हैं। इसी के साथ जिले में मरीजों की संख्या 155 हो गई है। इनमें से 10 मामले अकेले सेक्टर-8 की एक झुग्गी बस्ती के हैं।

हालांकि राहत की बात है कि 155 में से 90 मरीज पूरी तरह ठीक भी हो चुके हैं। गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया, 'शुक्रवार को कुल 333 कोरोना रिपोर्ट मिलीं। इनमें से 17 रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं और 316 निगेटिव हैं। जिले में 90 मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं, इस तरह सिर्फ 65 ऐक्टिव मरीज हैं।'

छात्रों की घर वापसी के लिए ऑनलाइन फॉर्म

दूसरी तरफ गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने जिले में रुके हुए छात्रों की घर वापसी के लिए ऑनलाइन फॉर्म जारी किया है। इस फॉर्म में छात्रों के नाम, पते के साथ पैरंट्स की डिटेल, कोर्स और यूनिवर्सिटी के अलावा संबंधित राज्य की जानकारी मांगी गई है। नोएडा में लॉकडाउन के चलते फंसे छात्र इस फॉर्म को भर सकते हैं। इसके बाद उनसे ईमेल या फिर एसएमएस के जरिए संपर्क किया जाएगा। फॉर्म को शेयर करते हुए डीएम सुहास एलवाई ने लिखा, 'यूपी सरकार के आदेशों के अनुसार, गौतमबुद्धनगर प्रशासन फंसे हुए छात्रों को घर भेजने के लिए प्रयासरत है।'


Post a Comment

0 Comments